फिरोजाबाद। तीन तलाक पर सरकार की रोक होने के बाद भी मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। रसूलपुर थाना क्षेत्र में दहेज के लिए शौहर ने पत्नी को पीटकर घर से निकाल दिया। इसके बाद तीन तलाक दे दिया। पीड़िता का आरोप है कि पति ने गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश भी की। एसएसपी के आदेश पर पति समेत पांच ससुरालीजन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रसूलपुर क्षेत्र के जाटवपुरी निवासी रजिया ने बताया कि उसकी शादी छह वर्ष पहले इमरान निवासी मशरूरगंज के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति व अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। अक्सर उसे भूखा-प्यासा रखा जाता था। ससुरालीजन भड़काते थे, पति पिटाई करता था। गला दबाकर हत्या करने का प्रयास भी किया गया। शिकायत करने पर मायके पक्ष के लोगों ने पंचायत कर ससुरालियाें को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं आया। 9 अक्तूबर की रात आठ बजे भी उसे पीटा गया। पति ने तीन तलाक बोल कर घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी।
वह थाने पर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी लिखवाने गई तो पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़िता मायके पक्ष के लोगों के साथ एसएसपी आशीष तिवारी से मिली। एसएसपी के आदेश पर रसूलपुर थाने में पति इमरान समेत पांच ससुरालीजन के विरुद्ध प्राथमिकी लिखवाई गई है। थाना प्रभारी रसूलपुर भगवत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।