फिरोजाबाद के टूंडला केगांव बजहेरा में मंगलवार रात दहेज के लिए घरवालों ने विवाहिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद अनीता (28) के शव को आंगन में छोड़कर पति, जेठ और देवर भाग निकले। नगला सिंघी थाना पुलिस ने पति हरि गोपाल, जेठ हरिओम, देवर धर्मवीर और देवरानी प्रेमवती के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पति को हिरासत में ले लिया है।
चंदन सिंह निवासी घुरुकुआ, नगला सिंघी ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व उन्होंने विधवा बेटी अनीता की शादी किसान हरि गोपाल निवासी बजहेरा, नगला सिंघी के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालीजन ने दहेज के लिए अनीता का उत्पीड़न शुरू कर दिया। कई बार बीच-बचाव किया गया।
बुधवार सुबह बेटी की ससुराल के पड़ोसियों से अनीता की हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ अनीता का शव आंगन में पड़ा था। सीओ टूंडला अमरीश कुमार ने बताया कि मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है। अन्य की तलाश जारी है।