जसराना। थाना क्षेत्र के ग्राम बदनपुर में रविवार शाम शौच के लिए गई एक 25 वर्षीय विवाहिता संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई। सोमवार सुबह नहर किनारे महिला की चप्पल और लुटिया मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला नहर में गिर या कूद गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में स्थानीय गोताखोर नहर में लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल महिला का कोई सुराग नहीं लग सका है।
बदनपुर निवासी विमलेश रविवार की शाम घर से शौच के लिए निकली थी। गांव से करीब 150-200 मीटर दूर स्थित नहर की ओर जाने के बाद जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। सोमवार सुबह ग्रामीणों को नहर के किनारे विमलेश की चप्पल और लुटिया पड़ी मिली। ग्रामीणों के अनुसार, नहर पर फाटक लगे होने के कारण जिस स्थान पर हादसा होने की संभावना है, वहां पानी की गहराई लगभग 20 फीट है। खोज अभियान को गति देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर नहर का पानी कम कराया गया है और गोताखोर लगातार जाल डालकर तलाश में जुटे हैं। परिजन ने बताया कि विमलेश का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व खैरगढ़ क्षेत्र के बुधरई (भाग सखिनी) निवासी अमित कुमार के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष से विवाद होने के कारण वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके बदनपुर में ही रह रही थी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।