संवाद न्यूज एजेंसी टूंडला (फिरोजाबाद)। थाना टूंडला क्षेत्र के एक मोहल्ले में मायके में रह रही महिला ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की मां ने पड़ोसी पर बेटी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाया तो मौके से भागने के बाद युवक ने ब्लेड से अपना गला रेत लिया। युवक की हालत गंभीर है। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतका की मां ने पड़ोसी के खिलाफ तहरीर दी है। वाकये के अनुसार, महिला (27) का अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक (28) के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन साल पहले परिजन को भनक लगी तो उन्होंने महिला की शादी कहीं और कर दी। शादी के बाद महिला ने एक बच्ची को जन्म भी दिया, लेकिन प्रेमी से उसका मिलना-जुलना और बातचीत जारी रही।
इसी बात को लेकर पति से अक्सर विवाद होता था। पति से अनबन के बाद विवाहिता उसे छोड़कर अपनी बच्ची के साथ मायके रहने आ गई थी। यहां वह प्रेमी के साथ चूड़ियों पर नग लगाने का काम कर जीवन यापन कर रही थी। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को महिला व उसके अविवाहित पड़ोसी, जो कि उसका प्रेमी बताया जा रहा है, उसके बीच किसी बात पर अनबन हुई। इससे आहत होकर महिला ने घर शाम करीब 4ः30 बजे के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर उस पर झूलकर अपनी जान दे दी।