फिरोजाबाद। पुलिस ने आदतन अपराध करने वाले तीन अपराधियों को गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर किया है। इनमें से एक को छह माह और दो को तीन-तीन माह के लिए जनपद की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।
अजमेरीउद्दीन उर्फ बाबा निवासी अंबे नगर, थाना रामगढ़ को छह माह के लिए जिला बदर किया गया है। किशनजीत उर्फ कृष्ण निवासी गांव रैपुरा, थाना रामगढ़ को तीन माह के लिए जिले से बाहर किया गया है। मान सिंह निवासी हरिहा, थाना नसीरपुर को भी तीन माह के लिए जनपद की सीमा से बाहर किया गया है। रामगढ़ और नसीरपुर पुलिस टीमों ने आरोपियों को नोटिस तामील कराते हुए उन्हें जनपदीय सीमा से बाहर छोड़ा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि जिला बदर की अवधि के दौरान ये अपराधी जिले की सीमा में पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार, फरिहा पुलिस ने भेजा जेल
फरिहा। थाना फरिहा पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी जयवीर सिंह निवासी गांव बरथरा, थाना फरिहा को मुस्तफाबाद रोड स्थित कैंची पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। संवाद