उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार को करवाचौथ के दिन विवाहिता ने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। शव फंदे पर लटका देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई।
विज्ञापन
मामला नसीरपुर थाना क्षेत्र के सुंदर का पुरा गांव का है। गांव निवासी श्रीदेवी (22) का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ है। उसका पति कमलेश महाराष्ट्र में किसी फैक्टरी में प्राइवेट नौकरी करता है। करवाचौथ का त्योहार था। देर रात विवाहिता ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। साड़ी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
परिजन ने कमरे के अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजन ने रात 9 बजे करीब डायल 112 पर सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विवाहिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया, कोई नहीं बता सका। इंस्पेक्टर नसीरपुर राजीव राघव ने बताया कि अभी तक इस घटना में कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है।