उत्तर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए जानलेवा हमले के आरोपी। स्रोत पुलिस
फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस ने विवाहिता पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सास-देवर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को कहासुनी में विवाद के बाद पति ने घर में तोड़फोड़ करने के बाद विरोध करने के लिए आई पत्नी पर सब्जी काटने के चाकू से लगातार तीन वार किए थे। जिसमें चार के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
टापाखुर्द निवासी राज हरवेंद्र सिंह प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी फरवरी में काजल के साथ शादी हुई थी। शुक्रवार शाम पांच बजे उसने पत्नी पर चाकू से तीन वार किए थे। हमले में काजल लहूलुहान हो गई तो आरोपी पति मौके से भाग निकला। सास सुनीता ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। घायल काजल की तहरीर पर पति राज हरवेंद्र सिंह, सास सोनी उर्फ सुनीता, देवर ईशू और मटसेना निवासी अवनीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि टापाखुर्द निवासी अवनीश उर्फ रंजीत, ईशू, सास सोनी उर्फ सुनीता को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पति हरवेंद्र की तलाश में दबिश दी जा रही हैं।