फिरोजाबाद। मनरेगा एवं ग्राम विकास कार्यों में वित्तीय अनियमिता के आरोपी प्रधान, पंचायत सचिवों एवं तकनीकी सहायकों के विरुद्ध प्रस्तावित वसूली और अन्य विभागीय कार्रवाई करने में ब्लाक स्तरीय अधिकारी कोताही कर रहे हैं। आरोपियों पर प्रस्तावित कार्रवाई अमल में नहीं लाने का मामला संज्ञान में आने के बाद प्राविधिक परीक्षक ग्राम विकास ने आपत्ति जताई है। मामला उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने खंड विकास अधिकारी जसराना व टूंडला को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ब्लाक जसराना क्षेत्रांर्गत गांव विठवारा, बड़ागांव एवं नवादा में चक रोड निर्माण में मिट्टी भराव कार्य में वित्तीय अनियमिता और इसी ब्लाक की ग्राम पंचायत कुसियारी में जरारी रजवाह तक नाला खोदाई कार्य मानक के विपरित कार्य कराने व वित्तीय अनियमिता बरते जाने की शिकायत लोगों ने थी। बिलासपुर में मनरेगा कार्यों में अनियमिता के कारण संबंधित प्रधान, पंचायत सचिव व तकनीकी सहायकों पर सरकारी धन की वसूली व अन्य विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की गईं थी।
विकास खंड टूंडला क्षेत्रांर्गत गांव धीरपुरा व हिम्मतपुर के अतिरिक्त ग्राम पंचायत सराय नूर महल में तालाब खोदाई के दौरान मिट्टी भराव कार्य व तालाब का इनलेट निर्माण में मानकों की अनदेखी के साथ ही वित्तीय अनियमिता बरते जाने की शिकायतें सामने आईं थीं। आयुक्त ग्राम पंचायत के निर्देश पर सभी ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सचिव, तकनीकी सहायकों व संबंधित प्रधानों से वसूली की कार्रवाई प्रस्तावित की गईं थीं,
लेकिन इन सभी मामलों में अभी ब्लाक स्तर पर कोई कोई कार्रवाई नहीं की गई। शासन द्वारा आपत्ति जताने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को सोमवार को पत्र जारी किए और इन मामले में गड़बड़ी के आरोपी प्रधान, पंचायत सचिव व तकनीकी सहायकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।