मनरेगा योजना में लापरवाही करने पर डीएम विजय किरन आनंद ने जिले के सभी बीडीओ एवं एपीओ को चेतावनी नोटिस दिया है। साथ ही चेतावनी दी यदि सात मई तक कार्य पूरा नहीं किया तो बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि एवं एपीओ का अनुबंध समाप्त कर दिया जाएगा। डीएम की सख्ती से हड़कंप है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का लक्ष्य पूरा करने के लिए ब्लाकों ने जल्दबाजी में खर्च अधिक दिखाया था। हालांकि एमआईएस फीडिंग, वेजलिस्ट तैयार करने में लापरवाही बरती। इसके कारण गत वर्ष का करीब साढ़े तीन करोड़ से अधिक का भुगतान अटक गया। फीरोजाबाद ब्लाक में हालत सबसे अधिक खराब रहे। डीएम विजय किरन आनंद ने वेबसाइट पर इसकी जांच कराई तो अधिकांश ब्लाकों की स्थिति खराब मिली। उन्होंने सभी बीडीओ के साथ एपीओ को चेतावनी नोटिस जारी कर साफ कहा कि मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्य की फोटो अपलोडिंग एवं एमआईएस की फीडिंग सात मई तक शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें।
किस ब्लाक में कितना अटका है भुगतान...
ब्लाक का नाम धनराशि
फीरोजाबाद 103.28 लाख
जसराना 16.05 लाख
हाथवंत 56.86 लाख
मदनपुर 00.11 लाख
अरांव 12.38 लाख
एका 21.17 लाख
नारखी 09.73 लाख
शिकोहाबाद 07.24 लाख
टूंडला 16.19 लाख
----------------------------
वेज लिस्ट नहीं बनाने व फोटो अपलोडिंग, एमआईएस का कार्य नहीं करने वाले बीडीओ, एपीओ को डीएम की ओर से चेतावनी नोटिस दिए हैं। इसका कारण भुगतान अटकना है। वहीं जो कार्य पूर्ण नहीं करेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रमेशचंद्र उपायुक्त मनरेगा श्रम एवं रोजगार