फिरोजाबाद। रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास सोमवार देररात त्योहार स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव क्षत-विक्षत हो गया और सिर व चेहरा पहचानने योग्य नहीं बचा। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवा दिया। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
विज्ञापन
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह के अनुसार, रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर के माध्यम से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 04455 आनंद विहार-भागलपुर त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस के लोको पायलट ने रात 9:17 बजे खंभा संख्या 1231/29 के पास एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की जानकारी दी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
मृतक के सिर और चेहरे की हालत ऐसी थी कि पहचान करना मुश्किल हो रहा था। उसके हाथ पर इंद्रवती, पंकज और अंग्रेजी में पूनम नाम लिखे हुए थे। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ इन नामों के आधार पर भी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद