दिल्ली रेलखंड पर एक मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। इसके चलते डाउन रेलमार्ग बाधित हो गया। करीब ढाई घंटे बाद दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को चलाया गया। इसके चलते ब्रह्मपुत्र मेल सहित आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहीं।
गाजियाबाद से एक मालगाड़ी टूंडला की ओर आ रही थी। शुक्रवार की मध्यरात्रि 12.30 बजे करीब दादरी रेलवे स्टेशन के निकट तकनीकी खराबी के कारण मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। चालक ने इंजन को सही करने का प्रयास किया लेकिन नहीं कर सका। इस दौरान चालक ने नियंत्रण कक्ष को जानकारी भी नहीं दी। नियंत्रण कक्ष ट्रेन के खड़े होने पर सिग्नल फेल अथवा रनऑवर की जानकारी करने में जुटा रहा। तभी पीछे आ रही ट्रेनें एक के बाद एक खड़ी होती चली गईं। करीब पौन घंटे बाद चालक ने इंजन फेल होने की जानकारी दी। इसके बाद रेल प्रशासन ने दूसरी ट्रेन का इंजन निकालकर मालगाड़ी में लगाने के निर्देश दिए। रात तकरीबन तीन बजे करीब एक मालगाड़ी का इंजन ट्रेन में लगाया गया। इसके बाद रेलमार्ग सुुचारु हो सका। इसके चलते ब्रह्मपुत्र मेल, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, नईदिल्ली भागलपुर एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहीं।