मैनपुरी। फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने पर विकासखंड घिरोर की ग्राम पंचायत उजियारी के सचिव को निलंबित किया है। प्रभारी खंड विकास अधिकारी सतेंद्र कुमार ने जांच के बाद ग्राम पंचायत सचिव प्रमोद कुमार को निलंबित किया है।
सतेंद्र सिंह ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान के अंतर्गत किसानों का पंजीकरण समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाना है, इसके लिए सभी ग्राम पंचायत में इसके लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ग्राम पंचायत उजियारी में इस कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी। कई किसानों के नाम अब तक रजिस्ट्री में दर्ज नहीं हो सके थे जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने की आशंका थी। कई ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की, जिसके बाद मामले की समीक्षा की गई। मामले की जांच में सामने आया कि सचिव प्रमोद कुमार ने इस काम पर ध्यान नहीं दिया, जिसके बाद लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत में फार्मर रजिस्ट्री कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी खंड विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कार्य में लापरवाही बरतेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।