टूंडला (फिरोजाबाद)। महाराष्ट्र की एक ट्रेडिंग कंपनी द्वारा टूंडला के आलू व्यापारी का बकाया भुगतान न करने पर न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इंद्रनगर कॉलोनी निवासी एसएन शर्मा ट्रेडिंग कंपनी के स्वामी विनयकांत शर्मा ने महाराष्ट्र की खानदेश ट्रेडिंग कंपनी के मालिकों, खालिद भाई और साहिल भाई को कुल 66.75 लाख रुपये का 14 ट्रक आलू भेजा था।
आरोप है कि आरोपियों ने मंडी से पूरा पैसा प्राप्त करने के बावजूद पीड़ित को केवल 49.70 लाख रुपये का भुगतान किया और शेष ₹17,04,599 डकार लिए। बकाया मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद