शिकोहाबाद। इटावा एसओजी और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के मामले में एसओजी की टीम सोमवार को शिकोहाबाद आई। यहां टीम ने एसडीएम को अपने बयान दर्ज कराने के साथ ही गांव नगला कनही में ले जाकर मौका-मुआयना कराया है। एसडीएम ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर में 17 जुलाई को इटावा एसओजी और बदमाशोें के बीच नगला कनही में मुठभेड़ हुई थी। जिसमें दोनों बदमाश मुठभेड़ में मारे गए थे। इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के लिए एसडीएम शिकोहाबाद राजेश कुमार शुक्ला को नामित किया गया था। सोमवार को एसओजी इटावा की टीम शिकोहाबाद पहुंची। एसडीएम कार्यालय पहुंचकर टीम ने अपने-अपने बयान दर्ज कराए। इसके साथ ही एसडीएम के साथ टीम शाम साढ़े पांच बजे करीब गांव नगला कनही पहुंची। यहां एसओजी टीम ने बदमाशों के ट्रेन से कूदने से लेकर गांव नगला कनही, नगला कनही के प्राथमिक विद्यालय तथा गांव नीमखेरिया तक जहां-जहां बदमाशों से मुठभेड़ हुई। वहां सभी जगह का मौका मुआयना कराया। मामले की मजिस्ट्रेट जांच कर रहे एसडीएम ने कुछ ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए हैं। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि आज एसओजी की टीम ने अपने बयान दर्ज कराए हैं। जिसके बाद मैंने गांव में जाकर मौका-मुआयना किया है।