शिकोहाबाद। यूपी पुलिस में तैनात एक सिपाही पर ईंट भट्ठा किराए पर लेकर अपने ही साझेदार (पार्टनर) के साथ करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी सिपाही पर रुपये मांगने पर जान से मारने और परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़ित ने अब मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर शासन से न्याय की गुहार लगाई है।
थाना खैरगढ़ के ग्राम श्योमई (पोस्ट जाजमई) निवासी यतेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनके पिता उदयवीर सिंह ने वर्ष 2022 में अलीगढ़ में तैनात सिपाही और उनके (पीड़ित) के नाम पर संयुक्त रूप से एक ईंट भट्ठा 5 साल के एग्रीमेंट पर किराए पर दिया था।
आरोप है कि शुरुआत के एक साल तक तो आरोपी सिपाही ने उसे लगभग 6 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन इसके बाद से उसका बकाया करीब 25 लाख रुपये रोक लिया। आरोप है कि जब भी पीड़ित अपने बकाया रुपये मांगता है, तो आरोपी सिपाही अपनी वर्दी और पद का रौब दिखाते हुए उसे जान से मारने और उसके पूरे परिवार को संगीन झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देता है।