दिनदहाड़े बाइक सवार दंपती को तमंचे के बल पर लूटा
- ग्रामीणों को आते देख तमंचे से फायर कर हुए फरार, पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के आमरी बंबा पुलिया के समीप बाइक सवार दंपती को बदमाशों ने तमंचे के बल पर रोककर लूट लिया। सूचना पर भीड़ जुट गई। भीड़ को आता देख लुटेरे फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस पीड़ित दंपती से पूछताछ कर रही है।
थाना नगला खंगर के गांव बलीपुर निवासी संजय (40) पत्नी सरिता देवी (35) को बाइक पर बैठाकर मटसेना के गांव नगला फतेह ससुराल जा रहा था। वह आमरी बंबा पुलिया के पास पहुंचा था, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने बाइक को आगे लगा कर रोक लिया। एक बदमाश ने तमंचा तान दिया और लूट की घटना को अंजाम दिया। दंपती द्वारा शोर मचाने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों को आता देख बदमाश फायरिंग कर भाग निकले। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक फोर्स के साथ पहुंचे और पीड़ित को लेकर मामले की जांच करने में जुट गए। पीड़ित संजय ने बताया कि लुटेरे उसके पास से तीन अंगूठी व चार हजार रुपये और उसकी पत्नी से पांच अंगूठी, एक जंजीर, एक मंगल सूत्र सोने का लूटकर ले गए हैं। सीओ अनिवेश कुमार ने बताया कि बाइक सवार दंपती से लूट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।