फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव फौजदार की अध्यक्षता में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन जनपद न्यायालय प्रांगण स्थित एडीआर भवन में किया गया। शिविर में सहायक सिस्टम ऑफीसर अनुराग प्रताप सिंह ने बताया कि आपको न्यायालय के कार्य हेतु कहीं से कोर्ट फीस के लिए कोई भी टिकट आदि खरीदने की आवश्यकता नहीं है।
ई-कोर्ट एप के माध्यम से ऑनलाइन पेंमेंट करके फीस अदा कर सकते हैं। आरिफ खान एडवोकेट ने कन्या भ्रूण हत्या एवं दहेज के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ये सामाजिक विकृतियां हैं। इनके लिए कड़े से कड़े कानून बनाए गए हैं। प्राधिकरण की सचिव सीमा कुमारी ने बताया कि दस अप्रैल को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत कोरोना महामारी के चलते अब आठ मई 2021 को आयोजित की जाएगी।
राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में पांच, छह अप्रैल को होगी बैठक
फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन सीमा कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आठ मई को सुबह दस बजे से प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय प्रांगण में किया जाएगा। बीमा कंपनी एवं राजकीय सड़क परिवहन निगम की बैठक छह अप्रैल को दोपहर दो बजे से मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण जिला मुख्यालय पुलिस चौकी के सामने तथा बैंकों की बैठक पांच अप्रैल को दोपहर दो बजे जनपद न्यायालय सभागार में होगी।