ूंडला के ठाकुर बीरी सिंह कालेज स्थिति सेल्टर होम में तीन दिन से परेशान मालदा के प्रवासी मजदूर
- फोटो : TUNDLA
फिरोजाबाद। लॉकडाउन के कारण जिले में फंसे 16 राज्यों के तीन हजार से ज्यादा प्रवासियों को उनके गृह जनपद भेज दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार जिले में विभिन्न कारणों से आए प्रवासी लोगों की संख्या अब शून्य है। जानकारी के मुताबिक सर्वाधिक 1633 लोग बिहार एवं सबसे कम एक प्रवासी को कर्नाटक भेजा गया।
कोरोना-19 प्रकोप के कारण गत 24 मार्च से पूर्व जिले में विभिन्न कारणों से आए करीब 3061 मजदूर थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण उक्त सभी लोग जिले के विभिन्न हिस्सों में फंस गए। राजस्व व पंचायत स्तरीय कर्मचारियों के माध्यम से कराए गए चिह्निकरण के दौरान उक्त सभी प्रवासियों की रिपोर्ट तैयार की गई। इनमें अधिकांश लोग व्यापारिक एवं अन्य कामकाज के सिलसिले में यहां आए थे। वहीं कुछ लोग परिचित लोगों अथवा निजी कामकाज के सिलसिले में फिरोजाबाद आए थे। जिला स्तर पर प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इन सभी लोगों को विभिन्न माध्यमों से उनके घरों अथवा गृह जनपदों में भेजा जा चुका है। जिन प्रवासियों को वापस भेजा गया है। उनमें सर्वाधिक बिहार के 1633, मध्य प्रदेश के 475, उड़ीसा के 30, छत्तीसगढ़ के 77, पश्चिमी बंगाल के 167, झारखंड 177, आसाम के 26, उत्तराखंड के 168, दिल्ली के 45, गुजरात के 44, पंजाब के 18, हरियाणा के 22, महाराष्ट्र के 12, राजस्थान के 74, कर्नाटक के एक एवं जम्मू एंड कश्मीर के 92 प्रवासी शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार उक्त सभी को भेजने के उपरांत जिले में फंसे प्रवासी लोगों की संख्या शून्य है।