फिरोजाबाद। अभिभावकों पर फीस जमा कराने और वाहन फीस भरने का दबाव बनाने पर क्राइस्ट द किंग स्कूल प्रबंधन को बीएसए अरविंद पाठक ने नोटिस जारी कर दिया है। स्कूल प्रबंधन से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि स्कूल संचालक लॉकडाउन से लेकर छुट्टी तक का वाहन शुल्क नहीं मांग सकेंगे।
भाजपा जिला महामंत्री दीपक चौधरी ने टूंडला के क्राइस्ट द किंग स्कूल द्वारा फीस मांगने की शिकायत डीएम से की गई थी। आरोप था कि विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा फीस जमा और वाहन फीस जमा करने का नोटिस जारी किया गया है। मामले में बीएसए ने संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है।
बीएसए अरविंद पाठक ने कहा कि कोई भी स्कूल संचालक लॉकडाउन की अवधि का वाहन फीस नहीं ले सकेगा।
वेतन न देने पर टाइनी टोट्स और एमएस स्कूल को नोटिस जारी
फिरोजाबाद। टूंडला के टाइनी टोट्स स्कूल एवं एमएस हायर सेकेंडरी विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने शिकायती पत्र देकर मानदेय न दिए जाने की शिकायत की है।
इस पर बीएसए अरविंद पाठक ने विद्यालय प्रबंधक को तीन दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही कहा कि जानकारी उपलब्ध कराएं कि कब तक का मानदेय नहीं दिया गया है?