नई बस्ती में कोरोना संक्रमित लोग मिलने के बाद प्रशासन द्वारा बंद कराई गली और लगी सूचना
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शहर के हॉटस्पॉट एरिया में लॉकडाउन का प्रभावी ढंग से पालन नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को एसएचओ रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह ने क्षेत्र के प्रमुख लोगों से बातचीत कर गलियों और मोहल्ले में लोगों से घरों में रहने के लिए समझाने का आह्वान किया। शहर के समुदाय विशेष के क्षेत्र में पुलिस फोर्स ने गलियों में नाकाबंदी कर दी है लेकिन गलियों के अंदर ड्रोन कैमरे से जो हालात सामने आ रहे हैं वह बहुत अच्छे नहीं है।
यहां लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। इस कारण मरीजों के और बढ़ने की संभावना है। एसएचओ रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने मंगलवार को हुसैनी क्षेत्र में मौलाना आमीन अख्तर, सीराज अली के साथ कई लोगों से लॉकडाउन का प्रभावी ढंग से पालन कराने में सहयोग मांगा। उन्होंने लोगों से बातचीत की और कहा कि गलियों के अंदर के हालात सुधारे जाएं। प्रभावी ढंग से लॉकडाउन का पालन नहीं होने तक नए केस आने बंद नहीं होंगे। इस दौरान सभी ने सहयोग का आश्वासन दिया।