गांधीपार्क चौराहा स्थित मेडीकल पॉइंट पर खड़ी भीड़ को मास्क लगाने की अपील करती पुलिस
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। लॉकडाउन के बीच खुलने वाले बाजार की समयावधि में प्रशासन ने सोमवार को बढ़ोत्तरी कर दी। सुबह सात बजे से नौ बजे तक खुलने वाला बाजार सोमवार को सुबह 11 बजे तक खुला। बाजार में लगातार बढ़ रही भीड़ के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई।
तहसील परिसर
कोतवाली दक्षिण के पीछे पुरानी तहसील परिसर में लगने वाली सब्जी मंडी में सोमवार को काफी भीड़ थी। यहां लोग सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं कर रहे थे। पुलिस ने सख्ती बरतने के साथ लोगों को सामाजिक दूरी का पालन कराया। बाइक लेकर सब्जी लेने आए लोगों पर भी पुलिस ने सख्ती करते हुए मंडी परिसर से बाहर कर दिया और पैदल आकर सब्जी लेने की चेतावनी दी।
लोहामंडी क्षेत्र
लोहामंडी स्थित अग्रवाल धर्मशाला के समीप किराने की दुकानों पर सोमवार को भीड़ नजर आई। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे। इस पर कोतवाल दक्षिण पीके मलिक ने बिना कार्य बाजार में घूम रहे लोगों पर सख्ती की। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी यदि मंगलवार को सफेद गोला बनाने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कराया गया तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं गैर जरूरी सामान की दुकानों को पुलिस ने चेतावनी देकर बंद करा दिया।
राम नगर छारबाग
रामनगर स्थित छारबाग क्षेत्र का बाजार सोमवर को पूरी तरह से बंद था। पुलिस लगातार गश्त कर रही थी। सड़क पर ठेल लगाकर फल बेचने वालों को पुलिस ने गलियों में कर दिया। वहीं छारबाग तिराहा पर लगने वाली सब्जी मंडी भी बंद थी। किराने की दुकानों पर लोग खरीदारी करते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर आए।
चंद्रवार गेट
चंद्रवार गेट पुल के दूसरी ओर लगने वाले सब्जी के ठेल सोमवार को पुल के इस ओर नजर आए। ठेलों से आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग सब्जी आदि खरी रहे थे। हालांकि यहां लोग सामाजिक दूरी का पालन नही कर रहे थे। वहीं लोहामंडी चौराहा से चंद्रवारगेट की ओर जाने वाले रास्ते पर काफी अच्छी भीड़भाड़ भी थी। यहां भी लोग एक दूसरे से चुपके नजर आ रहे थे।
कोटला रोड स्थित गल्ला मंडी
कोटला रोड स्थित थोक फल और सब्जी मंडी के खुलने के समय में प्रशासन ने परिवर्तन किया है। इसके खुलने का समय प्रशासन द्वारा सुबह चार बजे से छह बजे तक किया गया है। मंडी में भीड़ एकत्रित नहीं होने देने के लिए कोतवाल उत्तर नीरज मिश्रा पुलिस बल के साथ ही सोमवार सुबह मंडी के गेट पर तैनात नजर आए। सुबह करीब साढ़े पांच बजे के बाद मंडी के अंदर सभी व्यक्तियों का प्रवेश रोक दिया गया। कोटला रोड पर जगह-जगह खड़े ठेल व सब्जी लेने आए लोगों को भी खदेड़ दिया गया।