फिरोजाबाद। सेंट्रल जीएसटी मैनपुरी संभाग की टीम ने बीते मंगलवार की शाम को शहर के दो प्रतिष्ठानों पर सर्वे की कार्रवाई की। सर्वे के दौरान कर अपवंचना का मामला प्रकाश में आने के बाद दिव्या हाईब्रिड के कार्यालय पर ताला लटका मिला। जबकि एक अन्य फर्म राज फर्नीचर पर 3.06 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उपायुक्त सेंट्रल जीएसटी मैनपुरी संभाग के अधिकारी मंगलवार की शाम करीब छह बजे एनएच पुल के पास स्थित दिव्या हाईब्रिड के कार्यालय पर पहुंचे। लेकिन कार्यालय में ताला लटका देख टीम मौके से लौट गई। टीम यहां से सीधे राज फर्नीचर कोटला रोड पर पहुंची। जहां करीब तीन-चार घंटे तक चली कार्रवाई के बाद राज फर्नीचर जीएसटी कर भुगतान एवं मौजूद स्टॉक में अंतर मिला। टीम द्वारा पूछे गए सवालों का फर्नीचर शोरूम संचालक संतुष्टि पूर्ण जवाब नहीं दे पाए।
टीम ने राज फर्नीचर पर 3.06 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। टीम में ज्वाइंट कमिश्नर अमरेश कुमार सिंह, उपायुक्त जीएसटी एसआईबी उमाशंकर विश्वकर्मा, आशीष मिश्रा, आशीष चक, सीटीओ नंद किशोर शर्मा आदि शामिल रहे।