सिरसागंज। क्षेत्र में शनिवार सुबह लोडर वाहन (पिकअप) आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे में लोडर में सवार वृंदावन से लौट रहे 11 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि चालक की मौत हो गई। पुलिस ने आनन फानन में यात्रियों को एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
घटना सिरसागंज क्षेत्र में आगरा-इटावा हाईवे पर गांव धातरी के पास हुई। वृंदावन से परिक्रमा कर लौट रहे यात्रियों की पिकअप चालक को झपकी आने के कारण ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद पिकअप में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ही लोडर में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस के द्वारा उपचार के लिए सिरसागंज और शिकोहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा गया।
यात्रियों ने बताया कि वह वृंदावन से परिक्रमा कर अपने भिंड मध्य प्रदेश लौट रहे थे। घायलों में मुन्नलाल, हरीशंकर, रामूर्ति निवासी थाना विलहोरा जिला भिंड मध्य प्रदेश, गुडि़या, छोटी निवासी रदौली भिंड, लक्ष्मी, आकांक्षा, मुन्नी देवी, पिंकी निवासी बगेड़ी भिंड, मोहन निवासी रिदौली भिंड गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि गाड़ी चालक जयसिंह (40) निवासी विलहोरा गांव भूरे का पुरा जिला भिंड की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक जयसिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि घटना सुबह करीब सात बजे की है। चालक को झपकी लगने के कारण यह हादसा हुआ था।