फीरोजाबाद। राज्य शहरी आजीविका मिशन योजना का जिले में शुभारंभ हो गया। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने जलकल संस्थान नगर निगम में आजीविका केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान युवाओं को लक्ष्य पर नजर और परिश्रम करने की प्रेरणा दी।
गुरुवार को केंद्र का उद्घाटन करने पहुंचे डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि इस केंद्र का लाभ युवाओं को मिलेगा। आजीविका मिशन केंद्र एक ऐसा प्लेटफार्म उपलब्ध कराएगा जहां पंजीकरण, सूचना, तकनीकी परामर्श एवं प्रशिक्षण तथा बाजार मांग के अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना नौजवानों के लिए बहुत ही महत्वाकांक्षी है। जनपद में योजना के अंतर्गत 8 से 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने के लक्ष्य है। उन्होंने परियोजना अधिकारी इंदुबाला और केन्द्र संचालक विश्व मोहन कुलश्रेष्ठ को समूह का फेडरेशन बनाकर पंजीकृत कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर आयुक्त रामऔतार रमन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।