टूंडला। करीब ढाई माह पूर्व पुलिस टीम की आंखों में मिर्च झोंक और फायरिंग कर पुलिस अभिरक्षा से कुख्यात अपराधी भोला जाट को आजाद कराने वाला मुख्य सरगना विष्णु पंडित पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने विष्णु पंडित को टूंडला के निकट बन्ना मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। विष्णु पर 12 हजार का इनाम घोषित है।
विदित हो कि मथुरा पेशी से लौटते समय भोला जाट को उसके साथियों ने 27 मई को शाम पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च झोंककर और फायरिंग कर छुड़ा लिया था। इसके बाद भोला पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया। पुलिस ने कुछ दिन पहले ही अलीगढ़ में उसका एनकाउंटर किया था। इससे पूर्व भोला के कई साथियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। मंगलवार रात को पुलिस ने भोला को आजाद कराने वाले मुख्य अपराधी विष्णु पंडित को भी गिरफ्तार कर लिया। विष्णु गौतम उर्फ विष्णु पंडित को थाना पुलिस ने आगरा हाइवे स्थित बन्ना मोड़ से गिरफ्तार किया गया। वह अपने रिश्तेदारी में जा रहा था। उसके पास से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। भोला जाट के एनकाउंटर होने के साथ ही अब तक आठ अपराधी सलाखों के पीछे जा चुके हैं। मात्र एक अपराधी मोहित उर्फ कालिया शेष बचा है।
गोंडा से प्रेमिका के अपहरण के बाद कर दी थी हत्या
विष्णु गौतम उर्फ विष्णु पंडित ने अलीगढ़ के थाना गोंडा निवासी अपनी प्रेमिका अपहरण किया था। जब प्रेमिका उसके अपराधों में बाधा बनने लगी तो उसने उसकी हत्या कर शव को आगरा के एत्मादपुर में फेंक दिया था। इस मामले में थाना गोंडा में उसके विरुद्ध अपहरण व हत्या का मामला दर्ज है।।
एनकाउंटर होने के भय से कांप रहा था विष्णु
थाना पुलिस जब उसे गिफ्तार कर लाई तो वह इतना भयभीत था कि उसकी आवाज भी नहीं निकल रही थी। जब भी वह बोलता बस एक ही बात कहता। साहब जो कुछ कहोगे करूंगा लेकिन गोली मर मारना।
मथुरा में पत्नी के साथ रह रहा था
भोला की फरारी के बाद विष्णु पंडित मथुरा में ही रह रहा था। वह अपनी पत्नी के साथ किराए के एक मकान में रह रहा था। वह जहां रह रहा था, इसकी जानकारी केवल उसके परिजनों को थी। विष्णु पर चार थानों में 12 मामले दर्ज हैं।