फिरोजाबाद/मक्खनपुर। कस्बा मक्खनपुर में नेशनल हाईवे स्थित पाइनियर चौराहे के समीप ट्रक पलट गया। ट्रक में हरियाणा की शराब लदी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में हरियाणा की शराब देखकर हादसे को आनन फानन में गुडवर्क बना दिया। बरामद शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
शिकोहाबाद की ओर जा रहा ट्रक सोमवार सुबह करीब पौने आठ बजे अनियंत्रित होकर पाइनियर चौराहे के समीप पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और क्लीनर मौके से भाग गए। सूचना पर थाना मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक को साइड करा चेकिंग की तो ट्रक में हरियाणा की शराब की पेटियां बरामद की गईं।
ट्रक में हरियाणा की शराब लदी होने की सूचना पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कोतवाल मक्खनपुर के साथ आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ट्रक में शराब की 550 पेटियां लदी थी। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। शराब की पेटियों को मक्खनपुर थाना पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस चालक और परिचालक की तलाश कर रही है।
एसएसपी बोले, पुलिस का गुडवर्क
एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक शिकोहाबाद जा रहा है। इसमें हरियाणा की शराब है। मक्खनपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ बिल्टीगढ़ चौराहे पर पहुंचे और चेकिंग की। पुलिस को ट्रक आने की सूचना मिली तो ट्रक को रुकवाने की कोशिश की तो चालक ने स्पीड तेज कर दी। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ट्रक से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। शराब की पेटियां चावल की भूसी और लाई के बोरे के बीच में छुपाकर रखी गई थी। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है।