नगर निकायों के अधिकारी मंगलवार को वार्डों के परिसीमन फाइनल करने में जुटे रहे। देर शाम जिले की तीन पालिकाओं, दो पंचायतों के साथ नगर निगम के वार्ड का परिसीमन फाइनल कर भेज दिया गया। फाइनल होने के साथ अब वार्डों में कोई बदलाव नहीं हो सकेगा। जिले की एका नगर पंचायत के परिसीमन कल फाइनल होगा।
नगर निकाय चुनाव के लिए वार्डों की परिसीमन प्रक्रिया विगत कई दिनों से चल रही थी। फिरोजाबाद निगम बनने के बाद यहां 70 वार्ड बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। वार्डों के गठन के बाद आपत्तियां दाखिल की गई। आपत्तियों के निस्तारण का क्रम मंगलवार देर शाम तक चला। फरिहा और जसराना नगर पंचायत के साथ शिकोहाबाद, सिरसागंज, टूंडला नगर पलिकाओं के 75 वार्डों की परिसीमन पर अधिक आपत्तियां नहीं आई। हालांकि टूंडला पालिका में कुछ आपत्तियां मिलीं, जिन्हें निस्तारित किया गया। जिले में नवगठित एका नगर पंचायत के 15 वार्डों के गठन पर क्षेत्र की जनता ने काफी सवाल उठाए गए। ईओ अनिल कुमार को काफी आपत्तियां मिलीं। इन आपत्तियों के निस्तारण करने का क्रम मंगलवार शाम तक चला लेकिन फाइनल नहीं किया जा सका। एडीएम उदय सिंह ने कहा कि जिले की तीन पालिकाओं, दो पंचायतों के वार्डों के परिसीमन पर आई आपत्तियों का निस्तारण कर फाइनल किया जा रहा है। फिरोजाबाद निगम के वार्ड लगभग फाइनल हैं और एका की रिपोर्ट बुधवार तक भेज दी जाएगी। वार्ड फाइनल होते आरक्षण प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। आरक्षण प्रक्रिया को इसी सप्ताह पूर्ण कर लिया जाएगा।