आसफाबाद पर 33 केवीए लाइन में हुआ फाल्ट
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। बृस्पतिवार रात हुई बारिश से कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति चरमरा गई। यूपीएसआईडीसी विद्युत फीडर से जुड़े दो दर्जन गांवों की सप्लाई 12 घंटे प्रभावित रही।
रात 2.30 बजे यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बंद हो गई। गांवों में अंधेरा छा गया। विद्युत विभाग की टीमें पेट्रोलिंग नहीं कर सकी। बारिश थमने के बाद सुबह विद्युत विभाग की टीम ने पेट्रोलिंग की। मगर फाल्ट ढूंढने में काफी मुश्किलें आईं। आसफाबाद 220 बिजली घर के यार्ड में पेट्रोलिंग की गई। यार्ड में लगे केबल बॉक्स में खराबी मिली। यह बॉक्स पूरी तरह से डैमेज हो गया था। टीम ने बाक्स को बदला।
दोपहर दो बजे विद्युत सप्लाई को चालू किया गया। जेई विपिन सिंह ने बताया कि रात्रि में बारिश होने के कारण पेट्रोलिंग नहीं हो सकी थी। सुबह बारिश बंद हुई तो पेट्रोलिंग कराई गई। यार्ड में ही खराबी मिली। इसलिए देरी से विद्युत सप्लाई चालू हो सकी। रात में महावीर नगर, सुहागनगर, तिलक नगर, गांधी नगर, कोटला मोहल्ला, नई बस्ती, टापा कला आदि क्षेत्रों में विद्युत सप्लाई बंद रही। संवाद