वकीलों ने जुलूस निकाला, नारेबाजी की
- फोटो : अमर उजाला
एसडीएम सदर से अभद्रता के आरोपी अधिवक्ता विजय प्रकाश यादव एवं उनके पुत्रों को जेल भेजने के विरोध में बुधवार को अधिवक्ताओं ने कामबंद हड़ताल रखी। तहसीलों के साथ जनपद न्यायालय में कामकाज नहीं हुआ। अधिवक्ता की ओर से एसडीएम के खिलाफ अभियोग दर्ज कराने को 156 तीन के तहत कार्रवाई प्रारंभ कर दी। सदर तहसील में जुलूस निकालकर नारेबाजी की।
जनपद न्यायालय में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्म सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बुधवार को हड़ताल का निर्णय लिया। जिला प्रशासन एवं एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी की। संघर्ष समिति के वरिष्ठ अधिवक्ता नृपति सिंह यादव, सुरेंद्र सिंह यादव, विजय प्रकाश यादव, प्रभात कुमार नगीना, राजेश कुलश्रेष्ठ, वसीमउद्दीन अंसारी ने पीड़ित अधिवक्ता को न्याय दिलाने के लिए कोर्ट के माध्यम से अभियोग दर्ज कराने का निर्णय लिया। डा.देवीराम यादव, शिव प्रकाश सिंह जादौन, संजय पाठक, शीलेंद्र प्रताप सिंह, सुधीर शर्मा थे। संचालन पंचम सिंह गुर्जर एडवोकेट ने किया। इधर तहसील बार एसोसिएशन की संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बघेल एडवोकेट के निर्देशन में धरना प्रदर्शन तहसील प्रांगण में किया। एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस भी निकाला गया। एसडीएम का स्थानांतरण नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया। अध्यक्षता ओमवीर सोलंकी, संचालन सुरेशचंद्र गुप्ता ने किया। वीरेंद्रपाल सिंह, अतिवीर सिंह, श्याम सिंह यादव, अशोक शर्मा, चरन सिंह यादव, देवेंद्र सिंह, शिवेंद्र विक्रम सिंह थे।