सिरसागंज। तहसील की घोषणा और क्रियान्वयन में इंतजार के बाद जिले की पांचवीं तहसील सिरसागंज कार्यालय का श्रीगणेश हुआ। सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव और सांसद अक्षय यादव ने तहसील कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। सांसद ने कई गांवों के विकास कार्यों की योजनाओं का भी लोकार्पण किया। अक्षय यादव की पत्नी रिचा यादव भी मौजूद रहीं।
शुक्रवार को सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सिरसागंज के नलकूप विभाग परिसर में तहसील कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने 108 लोहिया गांवों की योजनाओं का भी शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि चुनाव में सिरसागंज के समर्पण के कारण इसको जिले को पांचवीं तहसील की सौगात मिली है, आलू के लिए देश भर में प्रसिद्ध सिरसागंज को देश में एक अलग पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे। इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण मंत्री से बात कर शासन द्वारा यहां चिप्स की फैक्ट्री लगाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरसागंज रेलवे स्टेशन का उच्चीकरण कराने और स्टेशन का नाम सिरसागंज कौरार कराने के लिए रेलमंत्री सुरेश प्रभु से मुलाकात की जाएगी। सांसद अक्षय यादव ने कहा कि सरकार जिले के विकास के लिए संकल्पित है। करोड़ों रुपये की योजनाओं से जिले का कायाकल्प हुआ है। अब सिरसागंज भी फीरोजाबाद के नक्शे पर तहसील के रुप में दर्ज हुआ है। इससे यहां की पहचान और व्यापक होगी। सारा डाटा और ब्योरा आनलाइन होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल ने कहा कि सिरसागंज की जनता शिकोहाबाद तक दौड़ती थी अब परेशानियां कम होंगी। जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव ने कहा कि सपा सरकार ने फीरोजाबाद में विकास की गंगा बहाई है। हर गांव के लिए डामरीकृत सड़कों का निर्माण चल रहा है, एक्सप्रेस वे, जेड़ाझाल योजना प्रमुख हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव ने कहा कि सांसद अक्षय यादव ने सिरसागंज को तहसील बनवाकर मतदाताओं और जनता को उपहार दिया है। चुनाव में जीतने के बाद सिरसागंज में उरावर का पुल और तहसील सबसे बड़ी उपलब्धियां है। प्रमुख उद्योगपति देवीचरन अग्रवाल, व्यापार मंडल के राजीव अग्रवाल, विधायक हरिओम यादव, विधायक रामवीर यादव, विधायक ओमप्रकाश वर्मा, प्रमेंद्र यादव लला, ओमवीर यादव, पूर्व पीसीयू चेयरमैन सुल्तान सिंह यादव, विधानसभा अध्यक्ष डा.राघवेंद्र सिंह, सौरभ चौहान, प्रदीप सिकरवार, आलोक कुमार, प्रधान संघ अध्यक्ष श्रीमती विनीता देवी, डीपी यादव, गया प्रसाद सोमेश, सीताराम शर्मा, सरोज शर्मा, प्रभात सोमेश, आदर्श यादव, योगेश गर्ग आदि मौजूद रहे।