शिकोहाबाद। फसल की सिंचाई कर रहे मजदूर की अचानक तबियत बिगड़ गई। रात में घर पहुंचे युवक को परिजन उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव हरगनपुर निवासी वीरपाल उर्फ किल्ला (35) पुत्र सुखराम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों के अनुसार बीती रात वह गांव में ही एक किसान की फसलों में सिंचाई करने गया था। अचानक उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी मुन्नीदेवी का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि वीरपाल चार भाइयों में सबसे छोटा था।
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
वीरपाल की दो बेटियां खुशबू (8) और सोनी (5) हैं। पिता की मौत के बाद से अब दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। उनके लालन-पालन और भरण पोषण की जिम्मेदारी अब मृतक की पत्नी मुन्नीदेवी के कंधों पर आ गई है।