मक्खनपुर। थाना क्षेत्र ग्राम किशनपुर अरमराजट्ट में गृह कलेश में मजदूर ने बृहस्पतिवार रात ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मजदूर का अपनी पत्नी से शराब की लत के कारण विवाद हुआ था।
ग्राम किशनपुर अरमराजट्ट निवासी उदयवीर उर्फ डंबर सिंह (50) फैक्टरी में मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार शाम उसका पत्नी रामादेवी के साथ अत्यधिक शराब पीने की बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद घर का माहौल शांत हुआ और परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह सो गए। लेकिन उदयवीर देर रात करीब 2:30 बजे चुपके से घर से निकल गए।
देर रात उन्होंने जरारी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर आती हुई ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। स्टेशन मास्टर से मिली सूचना के आधार पर मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार सुबह जब परिजन उदयवीर की तलाश में जुटे तो घटना की जानकारी हुई और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजन ने मृतक की पहचान उदयवीर के रूप में की।