गोवर्धन/फीरोजाबाद। अधिकमास मेले में गोवर्धन की परिक्रमा करने आए फीरोजाबाद के दो किशोरों की रविवार को कुसुम सरोवर में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। दोनों परिवार के साथ परिक्रमा लगाने आए थे।
फीरोजाबाद के नगला दया निवासी करन और जयपाल परिवार के साथ गिरिराजजी की सप्तकोसीय परिक्रमा लगाने और भंडारा करने के लिए गोवर्धन आए थे। रविवार को सुबह कुसुम सरोवर में स्नान के दौरान करन का पुत्र दिनेश (14) और जयपाल का पुत्र रजत (12) पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में चला गया। यह देख परिवारीजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर चौकी पुलिस और स्थानीय गोताखोर पहुंचे। कई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला। तब तक दोनों मृत्यु हो चुकी थी। दो परिवारों के किशोरों की मौत से कोहराम मच गया। परिवारीजन शवों को लेकर फीरोजाबाद चले गए थे।