शिकोहाबाद-महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी चित्प्रकाशानंद गिरि महाराज का स्वागत करते हुए भक्त।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। रीठरा वाले ठाकुर जी महाराज के मंदिर में महाकुंभ पर वृंदावन से आए महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी चित्प्रकाशानंद गिरि महाराज ने चर्चा की। महाराज ने महाकुंभ महोत्सव हरिद्वार 2021 के विषय में पत्रकारों को बताया कि कुंभ पर्व हिंदू संस्कृति, धर्म, परंपरा के आदर्श सिद्धांत पर होता है। इसमें समाज की एकता का दर्शन होता है। करोड़ों मनुष्य सभी प्रकार के भेदभाव मिटाकर मां गंगा में एक साथ गोते लगाते हैं।
महाराज श्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ उन लोगों के लिए है जो लोग हिंदू समाज में छुआ, छूत, ऊंच-नीच और भेदभाव की बात कहते हैं। संपूर्ण हिंदू समाज एक सूत्र में बंधा है। भारत की एकता, अखंडता विश्व के लिए आदर्श है। उन्होंने कहा कि विश्व में कहीं भी ऐसा समभाव एवं मानवता का दर्शन नहीं होता है। हरिद्वार का कुंभ आयोजन अनुपम और अद्भुत होने जा रहा है।
महाराज ने नगर के सभी लोगों से धर्मलाभ लेने का आह्वान किया। गुरुसेवा समिति के सहयोग से संतों, भक्तों की सेवार्थ शक्ति साधना धाम वृंदावन का कैंप लंगर चलेगा। योगेश गुप्ता, रमाशंकर गुप्ता, रमेश चंद्र बघेल, नूतन अग्रवाल, निर्मला जादौन, राधा पारोलिया और अंसू गुप्ता आदि मौजूद रहे। वार्ता के अंत में महामंडलेश्वर महाराज ने सभी को आशीर्वाद प्रदान किया।