कोटा-पटना एक्सप्रेस में मंगलवार को लावारिस बैग की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ट्रेन को छलेसर स्टेशन पर रोक दिया गया। मौके पर पहुंची बम निरोधक दस्ते ने बैग को ट्रेन से निकाला। इसके बाद भोपाल-निजामुद्दीन एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे मध्य प्रदेश के विधायक के बैग चोरी की जानकारी पर की गई तस्दीक की गई। बैग मध्यप्रदेश के विधायक का था। इसके बाद रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
कोटा से चलकर पटना जा रही कोटा-पटना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 12 घंटे देरी से चल रही थी। ट्रेन के आगरा फोर्ट से निकलते ही यात्रियों ने ट्रेन में लावारिस बैग देखकर सूचना नियंत्रण कक्ष को दी। ट्रेन में लावारिस बैग होने की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ट्रेन को छलेसर स्टेशन पर रोक दिया गया। घटना की जानकारी जीआरपी-आरपीएफ के साथ बम निरोधक दस्ते को दी गई। तभी जीआरपी आगरा को सूचना मिली कि भोपाल-निजामुद्दीन एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रहे मध्यप्रदेश में गोरेगांव के विधायक सतीश जाटव का बैग चोरी हो गया है। इस पर छलेसर पहुंची जीआरपी-आरपीएफ ने ट्रेन में रखे बैग की तस्दीक गई तो बैग विधायक का निकला। इसेक बाद जीआरपी ने बैग को ट्रेन से उतार लिया। इस दौरान करीब एक घंटे ट्रेन छलेसर पर खड़ी रही। रेलवे पुलिस का मानना है कि भोपाल-निजामुद्दीन एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे विधायक का बैग चोरी कर चोर कोटा-पटना एक्सप्रेस में सवार हो गया होगा। ट्रेन में बैग की तलाशी लेकर चोर ने बैग को छोड़ दिया। ट्रेन में बैग को लावारिस देख यात्रियों ने सूचना की। जीआरपी थानाध्यक्ष एके शर्मा का कहना है कि बैग को ट्रेन से उतारकर आगरा जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।