फिरोजाबाद। आवेदन के दौरान नाम की स्पेलिंग गलत लिखने या दूसरे का आधार कार्ड लगाने वाले जिले के 46111 किसानों को फिलहाल सम्मान निधि के लिए इंतजार करना पडे़गा। इन किसानों के आवेदन पत्रों में त्रुटि सही कराने की कवायद की जा रही है। लेकिन किसानों की संख्या चालीस हजार से अधिक होने के कारण इस कार्य में देरी हो रही है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली और दूसरी किस्त प्राप्त करने वाले 46111 सम्मान निधि की तीसरी किस्त अधर में हैं। इन किसानों की सम्मान निधि पर ब्रेक लग गया है। उनमें 20233 किसानों के आवेदन पत्रों में नाम की स्पेलिंग गलत है। वहीं 25778 किसानों ने जल्दबाजी के चक्कर में परिवार के अन्य सदस्यों का आधार नंबर आवेदन में अंकित कर दिया है। लेकिन वे योजना के पात्र हैं।
इन सभी को पीएम किसान सम्मान निधि की पहली और दूसरी किस्त मिल चुकी है। लेकिन त्रुटियों के कारण उनको मिलने वाली सम्मान निधि की तीसरी और चौथी किस्त पर अस्थाई ब्रेक लग गए हैं। गत दिनों संबंधित किसानों से संशोधन प्रपत्र भरवाने के उपरांत जिले का कृषि विभाग त्रुटियां दुरूस्त कराने में जुटा है। उप कृषि निदेशक डॉ. हंसराज ने बताया कि त्रुटि संशोधन के लिए किसानों की संख्या अधिक है, इसलिए इन किसानों को सम्मान निधि की तीसरी एवं चौथी किस्त जारी करने में देरी हो सकती है।