खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। दिल्ली जेल से पैरोल पर आया जानलेवा हमले व हत्या का आरोपी नरेश कुमार वापस नहीं पहुंचा। दिल्ली पुलिस ने खैरगढ़ पुलिस को पत्र भेजकर आरोपी के बारे में जानकारी मांगी है।
थाना व कस्बा खैरगढ़ निवासी नरेश कुमार को दिल्ली पुलिस ने जानेलवा हमला और हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी दिल्ली जेल से पैरोल पर घर आया था। पैरोल का समय समाप्त होने के बाद भी आरोपी वापस नहीं पहुंचा। आरोपी के वापस न आने पर दिल्ली जेल प्रशासन द्वारा थाना प्रीत विहार पुलिस को सूचना दी। इसको लेकर दिल्ली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सोमवार को दिल्ली के प्रीत बिहार थाना प्रभारी द्वारा खैरगढ़ पुलिस को पत्र भेजकर आरोपी नरेश कुमार के बारे में जानकारी मांगी है। थानाध्यक्ष खैरगढ़ नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है आरोपी और आरोपी का परिवार यहां निवास नहीं करता। इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को दी जाएगी।