जसराना(फिरोजाबाद)। तहसील क्षेत्र में आठ लोगों के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसडीएम ने एक दिन छोड़कर बाजार खोलने का आदेश दिया है। आदेश न मानने पर नगर पंचायत द्वारा एसडीएम की मौजूदगी में दुकानदारों के चालान काटे गए। एसडीएम कुमार चंद्र ने जसराना के साथ एका, फरिहा, पाढ़म एवं मुस्तफाबाद के बाजारों को एक दिन छोड़कर बाजार खोलने का आदेश जारी किया है। बृहस्पतिवार को बंदी का दिन होने के बाद भी दुकानदारों ने दुकानों को खोल लिया। एसडीएम को बाजार खुलने की जानकारी मिली तो नगर पंचायत कर्मचारियों को भेजा।
नगर पंचायत के कर्मचारियों की बात न मानने पर एसडीएम कुमार चंद्र ने तहसीलदार ब्रहमानंद कठेरिया, अधिशाषी अधिकारी आलोक रंजन, टीसी विपिन तोमर एवं पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पांच दुकानों के चालान काट दिए गए। वहीं कई खोखे एवं ठेल वालों को जमकर हड़काया गया। एसडीएम द्वारा की गई कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मचा रहा। एसडीएम कुमार चंद्र ने कहा एक दिन छोड़कर बाजार सुबह छह बजे दो बजे तक खुलेगा। न मानने पर कार्रवाई होगी। घिरोर रोड पर मोहित, अर्जुना एग्रो सेंटर, फरिहा रोड पर धर्मेंद्र सिंह, मोहल्ला बेलमपुरी में प्रमोद एवं एटा रोड पर गंगा सिंह का एसडीएम की मौजूदगी में चालान काटा गया। वहीं नगर पंचायत द्वारा फोटो के आधार पर दुकानों के चालान काटकर नोटिस भेजने की बात कही है। अधिशाषी अधिकारी आलोक रंजन ने कहा पांच दुकानदारों के एसडीएम की मौजूदगी में चालान काटे गए हैं। वहीं फोटो के आधार पर दुकानदारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।