ककरऊ चौराहे के चौड़ीकरण काम के शुभारंभ पर हवन यज्ञ करते विधायक मनीष असीजा,महापौर कामिनी राठौर।
फिरोजाबाद। शहर के जलेसर रोड स्थित ककरऊ कोठी चौराहे को जाम मुक्त और सुंदर बनाने के लिए 2.14 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। रविवार को नगर विधायक मनीष असीजा और महापौर कामिनी राठौर ने हवन-पूजन कर इस परियोजना की नींव रखी।
विधायक ने बताया कि शासन से स्वीकृत इस बजट से न केवल चौराहे को चौड़ा किया जाएगा, बल्कि वहां से गुजरने वाली 33 हजार और 11 हजार केवीए की हाईवोल्टेज विद्युत लाइनों को भूमिगत (अंडरग्राउंड) किया जाएगा। साथ ही, अनावश्यक खंभों को हटाया जाएगा, खुले नालों को कवर किया जाएगा और कच्चे हिस्से को पक्का कर सौंदर्यीकरण होगा। इस कार्य से क्षेत्रीय जनता को जाम और संभावित दुर्घटनाओं से बड़ी राहत मिलेगी। विधायक ने बताया कि शहर के चार प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण की कड़ी में यह महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अलावा पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, मंडल अध्यक्ष लायक सिंह शंखवार, प्राचीर सेठ, श्याम सिंह यादव, गौतम कुशवाह, भाजपा नेता भगवानदास शंखवार मौजूद रहे। संवाद