नारखी। थाना क्षेत्र के नगला बंसी गांव में पहली संतान के जन्म की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई। डिलीवरी के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव नगला वंशी थाना नारखी निवासी मनीष कुमारी की डिलीवरी के बाद मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कोटला में प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर समय रहते उचित उपचार नहीं दिया गया। लापरवाही के कारण उनकी जान चली गई। परिजन के अनुसार मंगलवार रात मनीष कुमारी की पीएचसी कोटला में प्रसव के दौरान एक पुत्र का जन्म हुआ। बच्चे के जन्म के कुछ देर बाद ही महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने समय-समय पर मरीज की निगरानी नहीं की और न ही तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। हालत अधिक गंभीर होने पर महिला को जिला अस्पताल फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया। पति पुष्पेंद्र ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद मनीष कुमारी को मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया कि मनीष कुमारी की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और यह उनकी पहली संतान थी। उन्होंने दोषी स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।