टूंडला के गुरुद्वारे में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व बिखरा सामान संवाद
टूंडला। सूने पड़े घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी, लैपटॉप आदि सामान चोरी कर ले गए। कानपुर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर परिजन लौटे तो पता चला कि उनका घर लुट चुका था। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
शहर के गुरुद्वारा रोड निवासी कंवलजीत सिंह 9 अप्रैल को अपने चचेरे भाई की शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार सहित कानपुर गए थे। वे बिना किसी निगरानी के घर में ताला लगा गए थे। 14 अप्रैल की शाम को वे परिवार सहित घर लौटे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा हुआ पड़ा था। अलमारी का सामान फर्श पर बिखरा था। कमरे में रखीं दो अटैची और दीवान बेड भी खुला पड़ा था। छत पर सीढ़ी के गेट का ताला टूटा हुआ था।
उन्होंने बताया कि चोर अलमारी में रखे एक सोने के सेट, सोने की चेन, तीन अंगूठी, चांदी की पायल, एक लेपटाॅप, 20 हजार रुपये की नकदी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित का कहना है कि संभवत: चोर सीढ़ी के रास्ते से ही घर में घुसे होंगे। थाना प्रभारी का कहना है कि चोरी की घटना संज्ञान में आई है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।