फसल नुकसान होने से गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम
किसानों का आरोप, अस्थायी गोशाला से पशुओं का निकालने का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। अस्थायी गोशाला के पशुुओं द्वारा बाहर निकलकर फसलों का नुकसान करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार दोपहर शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग जाम कर दिया। लकड़ी के बोटे डालकर जाम लगाए जाने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे सीओ कमलेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवा दिया। इससे आधे घंटे से अधिक समय तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। वहीं जाम लगाने वाले छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
अरांव ब्लॉक के गांव मोहम्मदपुर में शासन ने अस्थायी गोशाला चारागाह में बनाई गई है। इसमें लगभग 250 गोवंश हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला की बाउंड्री न होने के कारण रात आठ बजे गोवंशों को बाहर निकाल दिया जाता है। ये पशु फसलें नष्ट कर देते हैं। ऐसे में लोग पूरी रात जाग कर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। बृहस्पतिवार दोपहर ग्रामीण एकत्रित हुए और मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि गोशाला की बाउंड्री करा कर ऊंचा किया जाए, जिससे गोवंश बाहर न निकल पाएं। सूचना पर एसडीएम सिरसागंज विवेक मिश्रा, बीडीओ अरांव ओमप्रकाश, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार आदि मौके पर पहुंच गये। सभी को समझाकर करीब आधा घंटे बाद जाम को खुलवा दिया।
बताई गोशाला की दुर्दशा, देखकर हैरत में पड़ गए अफसर
जाम लगाने वाले ग्रामीणों और उजाला हितैषी गोवंश सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय सलाहकार अशोक राजपूत ने अफसरों को गोशाला की दुर्दशा के बारे में बताया। इसके बाद जाम खुलवाने गए अफसर गोशाला भी गए। यहां की स्थिति देखकर अफसर हैरत में पड़ गए। मृत गायों और पास के तालाब में कंकाल देखकर नाराजगी जताई। गोशाला के केयरटेकर सत्यपाल का कहना है कि एक डीसीएम में गाय आईं थीं, जिसमें सात मृत थीं। ग्रामीणों ने केयरटेकर पर भी आरोप लगाए हैं।
सचिव और प्रधान पर भी कार्रवाई की संस्तुति होगी
सीओ कमलेश कुमार और एसडीएम विवेक कुमार मिश्र का कहना है कि हमने गोशाला का निरीक्षण किया है। जिसमें अनियमितताएं मिली हैं। लोगों ने जाम लगाया है। जिन लोगों ने जाम लगाया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। ग्राम प्रधान संतोष कुमार और सचिव के खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई की संस्तुति की जायेगी। पूरी रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा।
-------------
बीडीओ बोले, डीएम को भेजेंगे रिपोर्ट
बीडीओ अरांव ओमप्रकाश का कहना है कि अस्थाई गोशाला की बाउंड्री की खाई गहरी कराने और फिनिशिंग का कार्य कराने के लिए सचिव से कई बार कहा गया। इसके बाद भी सचिव निर्मल कुमार ने कार्य नहीं कराया। मृत गोवंश के दफन कराने के लिए भी पूर्व से आदेश हैं, लेकिन इसके बावजूद गोवंश को दफन नहीं कराया गया। इससे सचिव की लापरवाही स्पष्ट दिखाई देती है। रिपोर्ट बनाकर डीएम को सौंपेंगे।