फिरोजाबाद। जानलेवा हमले के मामले में थाना टूंडला पुलिस द्वारा 18 जनवरी को जेल भेजे गए बंदी की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
थाना टूंडला के राजपूत गली निवासी सोनू जैन (35) पुत्र सुरेशचंद्र जैन को 18 जनवरी को टूंडला पुलिस ने जानलेवा हमला, लूट एवं 25 आर्म्स एक्ट में जेल भेजा था। 22 जनवरी को सोनू की अचानक तबियत खराब हो गई थी। जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम खान ने तत्काल उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार नहीं होने पर 23 जनवरी को उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जेल प्रशासन द्वारा सूचना मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल में पहुंच गए। यहां से उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान 26 जनवरी को देर रात सोनू की मौत हो गई। जेल प्रशासन ने पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंपा है। संवाद