फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में सत्रह दिन पूर्व ओमकार सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मामले में नई आबादी खंजापुर निवासी विशंभर को तमंचा सहित गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि थाना शिकोहाबाद के फतेहपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर ओमकार सिंह का शव नौ जनवरी को सुबह खंजापुर के बाहर खाली जमीन पर पड़ा मिला था। उसके दो गोली लगी थी।
सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह, एसएचओ रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया इसके खुलासे में लगे थे। हत्यारोपी को सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया। विशंभर का आरोप है ओमकार उसकी पत्नी से फोन पर बात करता था। घर पर आता-जाता था इसके ही कारण वह खुन्नस मानने लगा था। उन्होंने बताया विशंभर ने अपने मित्र सोनू के साथ मिलकर ओमकार की हत्या करने की योजना बनाई। आठ जनवरी को फोन करके ओमकार को घर बुलाया और साथ ले जाकर उसकी गोली मार कर हत्या कर दी।