नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के बाद सड़क, फुटपाथ और नालों पर फिर से कब्जा हो गया। चौराहों पर आटो चालकों की मनमानी हावी थी। अतिक्रमण को लेकर प्रशासन के इकबाल पर सवाल खड़ा हुआ तो सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट अमले के साथ सड़क पर थे। अतिक्रमण को ढहा दिया और सामान जब्त कर लिया गया। यही नहीं ठेल ढकेल वालों को चेतावनी दी गई। कोटला चुंगी पर चले अभियान से हड़कंप मच गया। आटो वालों को भी फटकार लगाई और चौराहा घेरने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम के निर्देश पर शहर के फुटपाथ खाली करने को लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में चले अभियान के बाद शहर के प्रमुख मार्ग चौड़े दिखे तो लोगों को जाम से भी मुक्ति मिली। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी पंचायत चुनाव में व्यस्त हो गए तो अतिक्रमण करने वालों ने प्रशासन के अभियान को पलीता लगा दिया। कोटला चुंगी, जलेसर रोड, रामलीला चौराहा, डाकखाना चौराहा सड़कों को दुकानदारों ने घेर लिया। दुकानों के आगे फड़ सज गए तो उनके आगे ठेल ढकेल लगनी शुरू हो गईं। इससे रास्ते संकरे हो गए और लोग जाम में फंस कर परेशान होने लगे। अमर उजाला में ‘सड़कों पर फिर सजे बाजार, प्रशासन के अभियान पर सवाल’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह ने फिर से अतिक्रमण अभियान की कमान संभाली। जलेसर रोड चौराहे पर आड़े-तिरछे खड़े आटो चालकों को फटकार लगाते हुए उन्हें ओवरब्रिज के नीचे खड़ा कर सवारियां भरने के निर्देश दिए। ओवरब्रिज के नीचे ट्रांसपोर्ट स्वामियों ने वाहन खड़े कर कब्जा कर रखा था, उन वाहनों व खोखों को हटवा कर आटो स्टैंड की जगह खाली कराई। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट कोटला चुंगी चौराहे पर पहुंचे। वहां भी आटो चालकों की मनमानी हावी दिखी। सिटी मजिस्ट्रेट ने आटो चालकों से लाइन में लगकर सवारियां भरने के आदेश दिए। कहा नियम तोड़े तो कार्रवाई की जाएगी। कोटला चुंगी पर कई दुकानदारों ने फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रखा था। चौराहे पर खड़े ठेल वालों को ओवरब्रिज के नीचे ठेल लगाने के निर्देश दिए। वहीं दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी कि नाले से आगे सामान रखा मिला तो जब्त कर लिया जाएगा। निगम कर्मचारियों ने कई दुकानदारों का सामान भी जब्त कर लिया और कई के निर्माण ढहा दिए। अभियान के बाद सड़कें चौड़ी दिखीं तो जाम भी नहीं लगा। लोगों ने भी राहत की सांस ली। सिटी मजिस्ट्रेट ने चेतावनी दी कि यदि फिर से अतिक्रमण किया गया तो चालान काटे जाएंगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नदारत हुई पुलिस पिकेट
कोटला चुंगी चौराहे पर हर समय पुलिस पिकेट तैनात रहती है। सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह जैसे ही कोटला चुंगी चौराहे पर पहुंचे, वहां तैनात पुलिस पिकेट गायब हो गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि पुलिसकर्मी पैसे की डिमांड करते हैं, पैसे न देने पर वह चौराहे पर लगा जमा खुलवाने में कोई मदद नहीं करते।
छात्रा के पैर पर चढ़ा दिया आटो
कोटला चुंगी चौराहे पर सिटी मजिस्ट्रेट जब सभी आटो को लाइन में खड़ा करा रहे थे, तभी एक चालक ने आटो को छात्रा के पैर पर चढ़ा दिया। इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने चालक की पिटाई कर दी।