फिरोजाबाद। सदर तहसील के अंतर्गत साधन सहकारी समिति मटसैना में तैनात रहे पूर्व सचिव मनीराम के खिलाफ फर्जी अभिलेख तैयार कर धनराशि का गबन करने का आरोप लगा है। किसानों की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक निबंधक सहकारिता विमल कुमार ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया है।
इस टीम में एडीसीओ आशीष शुक्ला के साथ एक अन्य विभागीय अधिकारी को शामिल किया गया है, जिन्होंने समिति के अभिलेखों की जांच और शिकायतकर्ता किसानों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर पूर्व सचिव के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सहकारी समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जितेंद्रपाल सिंह यादव ने मटसैना के साथ-साथ सोफीपुर एवं जलोपुरा समितियों में भी गड़बड़ियों की शिकायत उपायुक्त एवं उप निबंधक आगरा मंडल से की थी, जिसकी जांच टीमों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। संवाद