फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री स्वरोजगार, मुख्यमंत्री स्वरोजगार ओर एक जिला-एक उत्पाद योजनांतर्गत इकाई स्थापना के लिए बैंक ऋण पर उद्योग विभाग का अनुदान प्राप्त करने वाले लाभार्थियों का स्थलीय परीक्षण कराया जाएगा। उद्योग विभाग की ओर से इस बाबत टीम गठित की गई हैं।
जिले में वित्तीय वर्ष 2019-20 एवं 2020-21 में जिले में प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 112, मुख्यमंत्री स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत 186 और एक जिला-एक उत्पाद योजनांतर्गत 86 पात्र आवेदकों को इकाई स्थापना के लिए बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत किया गया। इसके तहत करीब 5.67 करोड़ रुपये जारी किए गए।
दो वित्तीय वर्ष में नवगठित 384 इकाइयों की स्थापना को सब्सिडी जारी करने वाला उद्योग विभाग अब सभी इकाइयों का स्थलीय परीक्षण कराएगा। इसके लिए विभाग में तैनात सहायक प्रबंधकों की अगुवाई में दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें निकाय क्षेत्रों और औद्योगिक आस्थानों में स्थापित इकाइयों में उत्पादन प्रक्रिया का स्थलीय जांच कर रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी। उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र अमरेश पांडे ने बताया कि यदि सब्सिडी दुरुपयोग की बात सामने आई तो संबंधित लाभार्थियों से सब्सिडी वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी।