फिरोजाबाद। लॉकडाउन में कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को दुकानों पर छापा मारा। टीम ने एक हलवाई की दुकान पर मिली दूषित मिठाई को नष्ट कराया और दुकानदार को सिर्फ दूध बेचने के आदेश दिए। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार के आदेश पर मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी बीएस कुशवाह ने कोटला रोड स्थित पंडितजी दूध वाले और पार्थ डेयरी पर छापा मारा। यहां 75 किलो दूषित, फंगस युक्त मिठाई मिलने पर उसे नष्ट कराया गया।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मिठाई विक्रय को बंद करने और महज दूध विक्रय करने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद टीम ने भूरी सिंह, रमेशचंद्र, विनोद कुमार की किराने की दुकान पर छापा मारा। दुकान संचालकों से रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। सिरसागंज में चपाती स्टोर, नगर निगम में आईटीसी ट्रेडर्स और ब्रह्मलाल ट्रेडर्स पर भी टीमें पहुंचे। यहां आटा 26 से 28 रुपये किलो बिकता मिला। टीम ने राममूर्ति लाल, संजीव कुमार की फर्म पर सैनिटाइजर नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि अभियान जारी रहेगा। कालाबाजारी करते पकड़े जाने पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।