फिरोजाबाद। शहर के शिवाजी मार्ग स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती डेढ़ वर्षीय बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन ने हंगामा कर दिया। परिजन ने अस्पताल पर कथित रूप से एक्सपायरी इंजेक्शन लगाए जाने का आरोप लगाया है और डायल 112 पर सूचना दी।
शिकोहाबाद की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी अजय कुमार की पुत्री अन्वी पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। परिजन के अनुसार बच्ची का इलाज बाल रोग विशेषज्ञ की देखरेख में चल रहा था। परिजन का आरोप है कि दवाओं में कुछ इंजेक्शन ऐसे मिले जो एक्सपायरी हो चुके थे। शनिवार सुबह जैसे ही बच्ची को इंजेक्शन लगाया गया,उसकी हालत बिगड़ गई और वह नीली पड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल दूसरे अस्पताल ले गए। बच्ची के चाचा विजय कुमार ने आरोप लगाया कि इंजेक्शन लगते ही स्थिति गंभीर हो गई। साथ ही उन्होंने अस्पताल पक्ष पर विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।