पचवान में बकाएदारों के कनेक्शन काटने गए बिजली कर्मचारियों को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। नगला सोंठ बिजली घर के अधीन गांव पचवान में बकाएदारों के कनेक्शन काटने गए संविदाकर्मियों पर गांव के लोगों ने हमला कर दिया। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। ईंट और प्लास सिर में मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। दोनों का मेडिकल कराने के बाद थाने में तहरीर दी है। इधर, विद्युत संविदाकर्मियों ने मांग की है कि अराजक तत्वों को जेल भेजा जाए।
लाइनमैन श्याममोहन और अनुराग गांव पचवान में बकाएदारों के कनेक्शन काटने गए थे। कुछ कनेक्शन काटने के बाद लोगों ने विरोध शुरु कर दिया। क्षेत्रीय लोगों से नोकझोंक शुरु हो गई। नौबत मारपीट तक आ गई। क्षेत्रीय लोगों ने दोनों संविदाकर्मियों को मारपीट कर दी। दोनों के सिर से खून बहने लगा। संविदाकर्मी जान बचाकर भागे। अन्य विद्युतकर्मियों को खबर लगी तो वैसे ही आक्रोश फैल गया। संविदाकर्मियों का मेडिकल कराया गया है। दोनों संविदाकर्मियों की ओर से थाना नारखी में तहरीर दी गई है।